बाढ़ पूर्व तैयारियों को ले जिला प्रशासन अलर्ट : डीएम व एसएसपी ने किया सिताबदियारा का स्थलीय निरीक्षण  ​

बाढ़ पूर्व तैयारियों को ले जिला प्रशासन अलर्ट : डीएम व एसएसपी ने किया सिताबदियारा का स्थलीय निरीक्षण ​

CHHAPRA DESK –  आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है. इसी क्रम में आज जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सिताबदियारा का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया. ​निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कटाव निरोधी कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षात्मक उपायों को समय से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल को कड़ा निर्देश दिया कि कल से ही पर्याप्त संख्या में कटाव निरोधक सामग्रियों जैसे- जियो बैग, बालू की बोरियां, क्रेट आदि का भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

Add

इसके साथ ही नदी के जल स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव पर चौबीसो घंटे नियमित रूप से पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है. वहीं सिताबदियारा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि वे तत्काल उत्तर प्रदेश प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक करें. बाढ़ और कटाव एक साझा चुनौती है. उत्तर प्रदेश प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर संयुक्त रूप से और मजबूती के साथ कटाव निरोधक कार्य कराया जाएगा, ताकि आमजन को सुरक्षित रखा जा सके. ​वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को बाढ़ के दौरान कानून व्यवस्था, राहत शिविरों की सुरक्षा को लेकर पूर्व से तैयारी रखने का निर्देश दिया. ​सारण जिला प्रशासन बाढ़ से जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी संवेदनशील बिन्दुओं पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

Loading

81
E-paper प्रशासन ब्रेकिंग न्यूज़