
CHHAPRA DESK – सारण जिला के दिघवारा थाना पुलिस एवं साइबर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस टीम ने उन्हचक गांव में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी अवतार नगर थाना क्षेत्र के मीरपुर जुअरा निवासी आयुष कुमार तथा दिघवारा थाना क्षेत्र के उन्हचक निवासी सन्नी कुमार बताये जाते है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के ठिकाने से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं.

जब्त सामान में दो लैपटॉप, 19 मोबाइल फोन और 72 सिम कार्ड शामिल हैं. इसके अलावा विभिन्न बैंकों के 11 पासबुक और सात चेकबुक भी पुलिस ने बरामद किए हैं, जिससे इस गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. साइबर डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके विस्तृत नेटवर्क का पता लगाया जा सके. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और अलग-अलग खातों के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन करता था.

![]()

