मांझी रामघाट पर स्नान करने गए बालक की डूबने से मौत ; शव की तलाश में जुटे गोताखोर

मांझी रामघाट पर स्नान करने गए बालक की डूबने से मौत ; शव की तलाश में जुटे गोताखोर

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू नदी के मांझी रामघाट पर गुरुवार की सुबह स्नान करने के दौरान एक 8 वर्षीय बालक डूब गया. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. घाट पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन के द्वारा गोताखोरों की मदद से बालक के शव की खोजबीन शुरू कर दी गई. नदी में लापता बालक स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरी मठिया गांव निवासी सुशील गिरी का आठ वर्षीय पुत्र शौर्य गिरि उर्फ शेरू गिरि बताया जाता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 25 जून को नवनिर्मित मकान की पूजा-पाठ के लिए कुछ महिलाएं सरयू नदी का जल लेने आई थी. महिलाओं के साथ करीब आधा दर्जन बच्चे भी रामघाट पहुंचे थे. इसी दौरान स्नान करते समय शेरू गहरे पानी में चला गया और डूब गया.

Add

महिलाओं में अफरातफरी मच गई और मकान पूजा की तैयारी की खुशी गम में बदल गई. घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर मांझी थाना पुलिस पहुंच गई. इस बीच पहुंचे अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक के देखरेख में गोताखोरों द्वारा बालक की तलाश शुरू कर दी गई है. मौके पर मौजूद मांझी थाने के सब इंस्पेक्टर मो शमीम खान भी शव की तलाश में नदी में उतर गए और गोताखोरों के संग करीब 45 मिनट तक प्रयास किया, मगर सफलता नही मिली. बाद में प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया, जिनकी मदद से शव की तलाश की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक बालक का शव भी बरामद नहीं हो सका था. घटना के बाद साथ आए बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

Loading

67
Accident E-paper ब्रेकिंग न्यूज़