
CHHAPRA DESK – छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर बेलदारी के समीप 9 दिन पूर्व पिकअप पलटने की घटना में घायल एक और महिला मजदूर की मौत गड़खा प्रखंड क्षेत्र के भैंसमारा स्थित श्रीनिवास हॉस्पिटल में इलाज के दौरान आज मौत हो गई. मृतका रसूलपुर थाना क्षेत्र के चपरैठी बिनटोलिया गांव निवासी स्व. रामसागर बीन की पत्नी 60 वर्षीय लालसा देवी बतायी जाती है. परिजन शव को लेकर दाउदपुर थाना पहुंचे. उसके बाद पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. परिजनों ने बताया कि मृतका के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं. एक पुत्र व एक पुत्री की शादी अभी नही हुई है. लालसा देवी की मौत की खबर से उनके परिवार मातम छा गया है. इससे पहले उक्त दुर्घटना में घायल चपरैठी गांव निवासी विजय बीन की पत्नी कलपती देवी के अलावें बेबी देवी की मौत पटना में इलाज के दौरान 13 जून को हो गई थी.

बता दें कि विगत 9 जून की अहले सुबह दाउदपुर थाना क्षेत्र के बेलदारी लाइन होटल के समीप मक्का लदी एक पिकअप का पिछला चक्का अचानक फट जाने से वह अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गई. हादसे में पिकअप पर सवार 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी को पहले एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल महिलाओं को छपरा सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था. बताया जाता है कि सभी महिला मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में दिघवारा के दुधेपर गांव में मजदूरी करने गई थीं और काम समाप्त होने के बाद पिकअप से अपने गांव लौट रही थीं. हादसे के बाद लगातार इलाज चल रहा था. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

![]()

