अलग-अलग हादसों में एक बच्चा समेत दो लोगों की गई जान ; दो परिवारों में मातम

अलग-अलग हादसों में एक बच्चा समेत दो लोगों की गई जान ; दो परिवारों में मातम

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के रिविलगंज थाना क्षेत्र के थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदना मठिया गांव स्थित सरेह के पानी भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई. मृत बच्चे की पहचान नगर पंचायत क्षेत्र के गोदना मठिया निवासी परशुराम राय के 10 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार उर्फ नीतीश कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रौनक शनिवार को मवेशी चराने के लिए गांव के सामने चंवर में गया था. उसी दौरान वह पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूब गया. हालांकि बच्चा पानी में नहाने गया था या मवेशियों को पानी पिलाने गया था, इसकी सही जानकारी फिलहाल नहीं मिल रही है. जानकारी के अनुसार लोगों की नजर जब गड्ढे के किनारे पड़े उसके कपड़ों पर पड़ी और बच्चा दिखाई नहीं दिया. तब लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो कुछ ही देर में उसे पानी से बाहर निकाल लिया गया तथा घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई.

Add

ग्रामीणों के सहयोग से परिजनों द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिविलगंज ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर हाल-बेहाल हो गया. वहीं सूचना मिलने पर रिविलगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इस मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि चंवर में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से एक बालक की मौत की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की प्रक्रिया कर रही है.

जबकि, दूसरी घटना भी स्थानीय थाना क्षेत्र के सिताब दियारा से सामने आई है जहां विद्युत स्पर्शाघात से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक सिताब दियारा (रावल टोला) निवासी चन्द्रमा कुर्मी का 38 वर्षीय पुत्र रविन्द्र कुर्मी उर्फ चुनमुन कुर्मी बताया जाता है. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के परिजनों को सौंप दिया. इस घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविन्द्र कुर्मी को शुक्रवार की देर शाम घर पर ही पंखा में करंट आने से उसके चपेट में आ गया और अचेत हो कर गिर गया था. तब परिजनों द्वारा आनन फानन में इलाज के लिए उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसको मृत घोषित कर दिया गया. इस मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि व्यक्ति की मौत विद्युत स्पर्शाघात से होने कि सूचना प्राप्त हुई थी. शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.

Loading

56
Accident E-paper ब्रेकिंग न्यूज़