CHHAPRA DESK – सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है. प्रतिदिन तीन-चार लोग सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं. आज के दिन भी जिले के अलग-अलग क्षेत्र में हुए हादसों में एक बच्चा एवं दो महिला समेत चार लोगों की मौत हुई है. पहली घटना जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां जिले के डोरीगंज थाना अंतर्गत सलेमपुर गांव में अनियंत्रित बाइक के धक्के से एक महिला घायल हो गई, जिसकी मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई. मृत महिला स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंगही मदनपट्टी गांव निवासी योगेंद्र राम की 57 वर्षीय पत्नी जानकी देवी थी. सूचना के बाद सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.

जबकि, दूसरी घटना जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक मजदूर को किसी अनियंत्रित वाहन ने रौंद दिया. जिस कारण उसकी मौत मौके पर हो गई. वहीं शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. मृत व्यक्ति की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के सरनाथचक गांव निवासी 55 वर्षीय दुखन साह के रूप में की गई है, जो कि मजदूरी कर अपना घर परिवार चलता था. घटना के संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि वह मोहम्मदपुर मजदूरी का पैसा लेने के लिए गया था. उसी क्रम में मोहम्मदपुर पुल के समीप किसी अनियंत्रित वाहन ने उसे रौंद दिया, जिस कारण उसकी मौत मौके पर हुई है. इस घटना की सूचना के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां रात्रि में ही शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंपा गया है.

जबकि, तीसरी घटना जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां साइकिल से जा रहा प्रिंस सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई. घटना एनएच-331 पर कन्हौली संग्राम गांव के समीप एक चाय दुकान के सामने हुई. मृत बच्चा बनियापुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव निवासी रामप्रसाद राम का 9 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार बताया गया है. प्रिंस साइकिल से किसी कार्य से जा रहा था, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, लेकिन रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराए जाने को लेकर सुरक्षित रखा गया है.

जबकि, चौथी घटना जिले के छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां जलालपुर विशेन टोला गांव में करंट लगने से एक महिला की मौत मौके पर हो गई. मृत महिला स्थानीय थाना क्षेत्र के जलालपुर विशेन टोला निवासी शंभू सिंह की 51 वर्षीय पत्नी बबीता देवी बताई गई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि प्लग लगाने के दौरान उसके बाएं हाथ में करंट का तेज झटका लगा और देखते ही देखते वह अचेत होकर गिर पड़ी. जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तब तक उसकी मौत हो गई थी. चिकित्सक द्वारा उसे मृत बताए जाने के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया.

![]()

