CHHAPRA DESK – छपरा सदर अस्पताल में चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर समस्याएं सामने आती रहती है. आज प्रसव वार्ड में महिला चिकित्सक के अनुपस्थित रहने के कारण मेडिकल जांच प्रभावित होने पर उसे लेकर पहुंचे पुलिस के द्वारा इसकी शिकायत सिविल सर्जन से की गई है. बता दें कि मशरक थाना के दो पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार एवं संपूर्णानंद एक युवती को मेडिकल जांच के लिए लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन संबंधित विभाग में महिला चिकित्सक के समय पर उपस्थित नहीं रहने के कारण जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे से लेकर 4:00 बजे तक महिला चिकित्सक अपने ड्यूटी पर मौजूद नहीं थीं. उस दौरान पुलिस पदाधिकारी युवती के साथ अस्पताल परिसर में इंतजार करते रहे, लेकिन निर्धारित समय तक जांच नहीं हो सकी. महिला चिकित्सक के अनुपस्थित रहने से न केवल मेडिकल प्रक्रिया प्रभावित हुई, बल्कि न्यायिक कार्य भी बाधित हो गया. वही पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद ही युवती को न्यायालय में पेश किया जाना था.

हालांकि, लंबी देरी के कारण जब तक जांच पूरी होती, तब तक न्यायालय का समय समाप्त हो चुका था. जिसके चलते संबंधित मामले की सुनवाई उस दिन नहीं हो सकी और पूरी प्रक्रिया अधूरी रह गई. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने सिविल सर्जन राजकुमार चौधरी एवं 104 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से इस तरह की लापरवाही पर रोक लगाने और समय पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. मरीजों एवं आम लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी प्रभावित होती है.

![]()

