
CHHAPRA DESK- बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर आज रविवार को छपरा जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी. भीड़ के मद्देनज़र रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. आरपीएफ, जीआरपी तथा बिहार पुलिस की संयुक्त टीम पूरे दिन अलर्ट मोड में रही और स्टेशन के हर हिस्से पर लगातार निगरानी करती रही, ताकि किसी प्रकार का हंगामा या अव्यवस्था न हो सके. सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर प्लेटफॉर्म संख्या एक से पांच तक, साथ ही ऊपरगामी पुल (फुट ओवरब्रिज) पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जवान चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए थे और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे थे. उद्घोषणा यंत्र के माध्यम से यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को लगातार जागरूक किया जा रहा था.विशेष रूप से उन्हें प्लेटफॉर्म और पुल पर अनावश्यक भीड़ न लगाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही थी.

ऊपरगामी पुल पर बैठने पर रोक लगाई गई थी, ताकि आवागमन प्रभावित न हो. वहीं चलती ट्रेनों से दूर रहने और चढ़ने-उतरने में सावधानी बरतने को लेकर भी लगातार निर्देश दिए जा रहे थे. पुलिस अधिकारियों का कहना था कि भीड़ अधिक होने के कारण किसी भी तरह की लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है. उस दौरान आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव, डीसीआई गणेश यादव, स्टेशन अधीक्षक राजन कुमार तथा जीआरपी के प्रभारी मिथिलेश कुमार सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे.उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने भी भीड़ को नियंत्रित किया.हालांकि छपरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिली. कई ट्रेनों में परीक्षार्थियों की अधिक संख्या के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बावजूद इसके, प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही.

![]()

