
CHHAPRA DESK – .सारण जिला अंतर्गत मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के तख्त दलित टोला में ट्रांसफार्मर जलने से बिजली नहीं रहने पर भीषण गर्मी में सड़क किनारे दरवाजे पर एक दर्जन सोये लोगों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया. जिसमें 7 लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए सीएचसी मशरक में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. घटना आज अल सुबह की बताई जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि उनके टोले का ट्रांसफार्मर जला हुआ है, जिसकी वजह से बिजली नहीं है.

वहीं भीषण गर्मी की वजह से सभी लोग दरवाजे के बाहर सड़क किनारे नाले के उपर सोये हुए थे कि तेज रफ्तार मे आए ट्रैक्टर ने सभी को कुचल दिया. वहीं मौके पर उसी रास्ते जा रहें नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए सीएचसी मशरक में भर्ती कराया, जहां गंभीर हालत देख सभी को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया. घायलों की पहचान मशरक तख्त दलित टोला गांव निवासी लव कुश ठाकुर की 5 वर्षीय पुत्री माही कुमारी,

स्व सुखदेव राम की 70 वर्षीय पत्नी गुलपति देवी, विक्रमा ठाकुर की 70 वर्षीय पत्नी कादित देवी एवं 17 वर्षीय पुत्र राजा ठाकुर, पवन ठाकुर की 20 वर्षीय पत्नी काजल देवी , दिनेश ठाकुर का 25 वर्षीय पुत्र पवन ठाकुर, स्व विक्रमा ठाकुर का 28 वर्षीय पुत्र लव कुश ठाकुर के रूप में हुई है. मौके पर पहुंची थाना पुलिस जांच-पड़ताल कर रहीं हैं. घटना के विषय में बताया गया ट्रैक्टर पानापुर के रसौली गांव के टेंट हाउस का था और तेजी में जा रहा था कि घुमावदार सड़क पर अनियंत्रित होकर सोये लोगों को कुचलते हुए कुछ दूरी पर ट्रैक्टर खड़ा कर फरार हो गया.

![]()

