छपरा जंक्शन पर ट्रेन में वेंडरों की गुंडागर्दी ; यात्रियों को ट्रेन से फेंकने की धमकी

छपरा जंक्शन पर ट्रेन में वेंडरों की गुंडागर्दी ; यात्रियों को ट्रेन से फेंकने की धमकी

CHHAPRA DESK –  पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर जन सेवा एक्सप्रेस में वेंडरों की गुंडागर्दी देखने को मिली है. वहीं इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी भी मची रही. बता दें कि अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट जा रही डाउन जन सेवा एक्सप्रेस ट्रेन में गुरुवार को वेंडरो द्वारा यात्रियों से दबंगई की गई. ट्रेन के एक जनरल कोच में यात्रियों और खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडरों के बीच जमकर हंगामा हुआ. यात्रियों का आरोप था कि वेंडरों ने जबरन खाना बेचने की कोशिश की और विरोध करने पर सीट से उठाने व ट्रेन से फेंकने की धमकी दी. मधुबनी जा रहे यात्री अनिल साह ने बताया कि जैसे ही ट्रेन एकमा स्टेशन के पास पहुंची,

कुछ वेंडर कोच में चढ़े और अपने खाने के सामान को जबरदस्ती बेचने लगे. यात्रियों द्वारा मना करने पर वेंडरों ने कहा अगर हमारा सामान नहीं लोगे तो इस सीट पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है और ट्रेन से उतार दिए जाओगे. घटना की सूचना यात्रियों ने रेलवे के टोल फ्री नंबर 139 पर भी दी, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. छपरा जंक्शन पर यात्रियों ने बताया कि वेंडर उनसे लगातार दुर्व्यवहार कर रहे थे और विरोध करने पर मारने तक की धमकी दे रहे थे. विदित हो कि इस ट्रेन में नियमित तौर पर एस्कॉर्ट पार्टी (रेल सुरक्षा बल) की तैनाती होती है, लेकिन इस दौरान कोई भी मदद के लिए नहीं पहुंचा.

जनसेवा एक्सप्रेस पूरी तरह से जनरल कोचों वाली ट्रेन है, जहां भीड़ अत्यधिक होती है. इन कोचों में खाद्य पदार्थ से लेकर पानी तक की भारी किल्लत बनी रहती है. वेंडरों द्वारा जबरन सामान बेचने की प्रवृत्ति आम हो गई है और रेल प्रशासन की अनदेखी से यात्री लगातार परेशान हो रहे हैं.यह घटना न केवल रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति रेलवे की उदासीनता को भी उजागर करती है. यात्रियों ने मांग की है कि ऐसे वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और ट्रेन में सुरक्षा उपायों को दुरुस्त किया जाए.

Loading

81
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़