जेपीयू मोबिल कांड : जेल से निकलने पर छात्र नेताओं ने फूलमाला से किया स्वागत

जेपीयू मोबिल कांड : जेल से निकलने पर छात्र नेताओं ने फूलमाला से किया स्वागत

CHHAPRA DESK –  जयप्रकाश विश्वविद्यालय में कुलपति पर मोबिल फेंकने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरएसए के सिवान प्रभारी विशाल सिंह राजपूत एवं गोपालगंज प्रभारी सुनील सिंह को आज छपरा न्यायालय से जमानत मिल गई. न्यायालय से राहत मिलने के बाद छात्र संगठन आरएसए में खुशी की लहर दौड़ गई. जैसे ही दोनों छात्र नेता मंडल कारा, छपरा से बाहर निकले, पहले से मौजूद संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए फूल-मालाओं से लाद दिया और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की. उस दौरान पूरे परिसर में संगठन के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था. जमानत मिलने के बाद दोनों छात्र नेताओं ने कहा कि यह केवल हमारी जमानत नहीं, बल्कि न्याय की जीत है. सच और संघर्ष को झूठे मुकदमों के सहारे ज्यादा दिनों तक दबाया नहीं जा सकता.

उन्होंने कहा कि अगर जेल जाने से विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को समय पर अंकपत्र सुधार कर मिल जाए, लंबित डिग्रियां समय पर मिलने लगें, शैक्षणिक सत्र नियमित हो जाएं और विश्वविद्यालय की पढ़ाई-लिखाई व्यवस्था सुधर जाए, तो हम ऐसे संघर्ष के लिए कई बार जेल जाना पसंद करेंगे. दोनों नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कुलपति यह सोच रहे हैं कि दमन, झूठे मुकदमे और गिरफ्तारी के जरिए छात्र आंदोलन को दबा दिया जाएगा, तो यह उनकी सबसे बड़ी भूल है. ना हम पहले रुके थे, ना अब रुकेंगे और ना ही किसी दबाव के सामने झुकेंगे.

आरएसए नेताओं ने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, शैक्षणिक अराजकता, रिजल्ट में लगातार गड़बड़ी, अंकपत्र सुधार में देरी, समय पर डिग्री वितरण न होना तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ है. संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि न्यायालय से मिली राहत ने यह साबित कर दिया कि सच्चाई और न्याय अंततः जीतता है. विश्वविद्यालय प्रशासन चाहे जितना दमन कर ले, छात्र हितों की लड़ाई रुकने वाली नहीं है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया.

Loading

79
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़