जंक्शन पर पार्किंग का टेंडर खत्म होने के बाद धर्मशाला बना पार्किंग स्थल ; हो रही वसूली

जंक्शन पर पार्किंग का टेंडर खत्म होने के बाद धर्मशाला बना पार्किंग स्थल ; हो रही वसूली

CHHAPRA DESK –  छपरा जंक्शन पर पार्किंग की व्यवस्था बंद होने के बाद अब शहर में वैकल्पिक पार्किंग के नाम पर अव्यवस्था बढ़ गयी है. मामला भगवान बाजार थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक धर्मशाला का है, जहां संचालक द्वारा मनमाने तरीके से वाहनों की पार्किंग करायी जा रही है और इसके बदले 50 रुपया सेवा शुल्क वसूला जा रहा है. जानकारी के अनुसार, जंक्शन पर पार्किंग का टेंडर समाप्त हो गया है. नया टेंडर होने के बाद ही पार्किंग की व्यवस्था शुरू हो सकेगी. वहीं पार्किंग बंद होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया वाहनों को आसपास के क्षेत्रों में खड़ा करने को मजबूर हैं. इसी का फायदा उठाते हुए धर्मशाला परिसर में पार्किंग की व्यवस्था कर दी गयी है.

Add

यहां मोटरसाइकिल खड़ी करने वाले लोगों से पर्ची काटकर 50 रुपये लिए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. सबसे अहम बात यह है कि इस पार्किंग व्यवस्था को लेकर न तो नगर निगम से कोई आधिकारिक अनुमति ली गयी है और न ही इसकी जानकारी स्थानीय भगवान बाजार थाना को दी गई है. इसके बावजूद खुलेआम शुल्क वसूली का काम जारी है, जो कई सवाल खड़े करता है. इस संबंध में पूछे जाने पर धर्मशाला के मैनेजर मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सेवा शुल्क के नाम पर 50 रुपये की रसीद दी जा रही है और वाहनों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गयी है. हालांकि, बिना किसी सरकारी स्वीकृति के इस तरह की वसूली को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.


लोगों ने कहा स्टेशन परिसर के पास दी जाये पार्किंग की व्यवस्था

उधर छपरा जंक्शन पर बाइक या अन्य वाहनों से आये लोगों का कहना है कि जब तक छपरा जंक्शन का पार्किंग फिर से शुरू नहीं हो जाता है. तब तक सर्कुलेटिंग एरिया में ही किसी खाली जगह पर वाहन पार्क किये जाने का स्पेस दिया जाये. जिससे कोई परेशानी नहीं होगी. बाइक से आये लोगों का कहना है कि अगर इस समय वह सर्कुलेटिंग एरिया में बाइक खड़ी कर प्लेटफार्म पर अपने परिजनों को छोड़ने जाते हैं, तो रेल पुलिस द्वारा कारवाई की जाती है और चालान काटते हुए जुर्माना वसूला जाता है. ऐसे में लोगों को बगल के धर्मशाला में 50 रुपये सेवा शुल्क देकर वाहनों की पार्किंग करनी पड़ रही है.

Loading

81
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़