
CHHAPRA DESK – सारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी में डूबने से एक किशोर समेत दो की मौत हुई है. जिसके बाद दोनों ही परिवार में मातम छाया हुआ है. जिले के नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पहलेजा घाट पर गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से 26 वर्षीय रंजन कुमार उर्फ राजा गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वह बाकरपुर निवासी रामनाथ सिंह का पुत्र था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजन गांव के ही एक व्यक्ति के दाह-संस्कार में शामिल होने पहलेजा घाट आया था. अंतिम संस्कार के बाद नदी में नहाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए पटना ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रंजन की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे बाकरपुर गांव में मातम छा गया. इस मामले में पहलेजा घाट थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन प्राप्त होने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.

जबकि, दूसरी घटना जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां बीते दिन डूबे किशोर का शव आज नदी से बरामद कर लिया गया. मृत किशोर दिघवारा थाना क्षेत्र के मलखाचक वार्ड नंबर एक निवासी संतोष महतो का 11 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार बताया गया है. उसका शव नदी से बरामद होने के साथ ही पूरे घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही घर परिवार में कोहराम मच गया.

![]()

