नगरपालिका चुनाव के लिए मल्टीपोस्ट ईवीएम जिला को उपलब्ध ; सुरक्षा के बीच वेयरहाउस में की गई भंडारित

नगरपालिका चुनाव के लिए मल्टीपोस्ट ईवीएम जिला को उपलब्ध ; सुरक्षा के बीच वेयरहाउस में की गई भंडारित

CHHAPRA DESK –  बिहार नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग बिहार के निर्देशानुसार नवनिर्मित S3 ईवीएम देर रात्रि छपरा लाया गया. राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच ईवीएम वेयरहाउस में भंडारित किए गए. सारण जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने वेयरहाउस पहुंच कर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया. भंडारण के पश्चात सभी जरूरी प्रपत्रों के संधारण के उपरांत ईवीएम नोडल एवं प्रभारी पदाधिकारी की देखरेख में वेयरहाउस को सीलबंद किया गया. विदित हो कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के निमित्त सारण जिला को ईसीआईएल द्वारा नवनिर्मित एस 3 बहुपद ( मल्टीपोस्ट) ईवीएम (500 CU एवं 1500 BU) उपलब्ध कराया गया है, जिसे संपूर्ण मानक सुरक्षा प्रावधानों का अनुपालन करते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की अभिरक्षा में छपरा लाया गया और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बालक छपरा सदर के कैन्टीन भवन में निर्मित राज्य निर्वाचन आयोग के वेयरहाउस में भंडारित किया गया.

Add

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार ने वेयरहाउस के लिए सभी जरूरी नियामकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही. पदाधिकारीद्वय ने नोडल पदाधिकारी सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) तथा वेयर हाउस प्रभारी पदाधिकारी सह अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते रहेंगे. जिला पदाधिकारी ने सभी प्रकार के प्रपत्रों की सूक्ष्मता के साथ अवलोकन किया तथा उन्हें निर्धारित समय पर आयोग को प्रेषित करने की बात कही। वरीय पुलिस अधीक्षक ने तैनात सुरक्षा बलों को जिम्मेदारियों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निदेशित किया. नगरपालिका और पंचायत के सभी पदों का चुनाव इसी ईवीएम से : इस साल के जून जुलाई में निर्धारित उत्क्रमित सोनपुर नगर परिषद के तीनों पद का चुनाव तथा आसन्न नगर पंचायत के सभी छः पदों के लिए निर्वाचन इसी नवनिर्मित मल्टीपोस्ट ईवीएम से संपन्न कराए जाएंगे.

अनूठी पहल, इससे समय की होगी बचत

बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने एक अनूठी पहल की है. इस ईवीएम के सिर्फ एक कंट्रोल यूनिट के साथ पदवार BU को अटैच कर पंचायत के सभी छः पदों तथा नगर निकाय के सभी तीन पदों के चुनाव संपन्न कराए जा सकेंगे. हालांकि यह ईवीएम अधिकतम आठ पदों के चुनाव एक साथ कराए जाने के लिए डिजाइन की गई है. इस S 3 मॉडल के ईवीएम की विशेषता यह है कि इसमें एक सिक्योर्ड मेमोरी मॉड्यूल (SMM) की भी परिकल्पना को साकार किया गया है जो सभी पदों के सभी प्रत्याशियों के डाटा को संग्रह करने का काम करेगी. इसके साथ एक टोटलाइजर भी होगा जिसके माध्यम से मतगणना के समय सांख्यिकीय गणना को त्रुटिरहित प्रदर्शित किया जा सकेगा. इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि निर्वाचन में वाहन एवं मानव बल पर होने वाले व्यय को भी न्यून करेगी. इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता विभागीय जांच शिव कुमार पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, पंचायत राज पदाधिकारी शशि कुमार, एडीपीआरओ सुशेंद्र पाल सिंह, सदर बीडीओ विनोद आनन्द तथा भाजपा के सारण जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, रालोसपा के जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा, कांग्रेस के फिरोज इकबाल, राजद के उपेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे.

Loading

67
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़