
CHHAPRA DESK – प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर भारत की जनगणना के लिए जारी स्वगणना को अभियान के रूप में लिया जा रहा है. इसके तहत रविवार को जिला जनगणना कोषांग के कर्मियों ने छपरा नगर निगम के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता के आवास पर जाकर स्वगणना कराया. श्री गुप्ता ने सेल्फ एनुमरेशन के यूआरएल पर लॉगिन किया. अपना लोकेशन सफलता पूर्वक सेलेक्ट किया तत्पश्चात सभी 33 प्रश्नों के उत्तर डालते हुए सबमिट किया. उन्हें तत्काल एसई-आईडी प्राप्त हुआ. जिलाधिकारी श्री श्रीवास्तव ने स्वगणना को प्रोत्साहित करने के लिए प्रारम्भिक चरण में जिले के गणमान्य लोगों का सेल्फ एनुमरेशन कराने का निदेश दिया है वहीं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपना स्वगणना पहले करने का आदेश दिया है.

साथ ही उनके अधीनस्थ सभी अधिकारियों और कर्मियों को सेल्फ एनुमरेशन कराने को कहा है. उन्होेंने कहा कि जनगणना राज्य नोडल सह प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार ने निदेश दिया है कि सभी सरकारी कर्मियों को शत प्रतिशत सेल्फ एनुमरेशन करना है. जनगणना कार्य के समीक्षा के लिए सारण आगमन पर उन्होंने अधिकारियों समेत जिला के प्रबुद्ध जनों से सेल्फ एनुमरेशन करने की अपील की थी. जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, बाल विकास परियोजना समेत समस्त विभागों के अधिकारी और उनके डाउनलाइन कर्मियों की यूनिट बना कर अभियान चलाया जाए.

यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी सरकारी कर्मी सेल्फ एनुमरेशन से छूटे नहीं. जितना अधिक सेल्फ एनुमरेशन होगा उतना ही सरल और सटीक मुख्य जनगणना संपन्न होगी. इससे डाटा के शुद्धता की अधिक गारंटी हो सकेगी. जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वगणना को तेज करने और अनुश्रवण के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से जिला स्तरीय अधिकारी से लेकर उनके अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मियों से प्रति दिन दूरभाष से फीड बैक प्राप्त किया जाए. उन्होंने सेल्फ एनुमरेशन का दैनिक प्रतिवेदन प्राप्त करने को कहा है. उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से स्वगणना में सारण को राज्य में टॉप-टेन की श्रेणी में लाने का लक्ष्य सौंपा है.

![]()

