
CHHAPRA DESK – सारण जिले में दिनदहाड़े झपटमारी का खेल भी जारी है. उचक्के बैंक से आने जाने वाले लोगों को लगातार निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला जिले के मशरक थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां उचक्कों ने पेंशन की राशि निकाल कर लौट रहे सेवानिवृत्त सैनिक से ₹21800 की झपटमारी कर ली. बाइक सवार उचक्के उनके पास पहुंचे और नकद व कागजात का थैला झपटकर देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गये. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरौली गांव निवासी सेवानिवृत्त सैनिक शिवनाथ सिंह सेंट्रल बैंक से अपनी पेंशन की ₹21800 की राशि निकालकर घर लौट रहे थे.

उसी दौरान देवरिया हनुमान मंदिर के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके हाथ से झोला झपट लिया और फरार हो गए. झोले में नकद के अलावा बैंक पासबुक, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी थे. बताया जाता है कि शिवनाथ सिंह रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वहीं से बैंक का कार्य निपटाकर लौट रहे थे. अब इस मामले में पीड़ित सैनिक की शिकायत के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है.

![]()

