
CHHAPRA DESK – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आज अमनौर में सोलर कैंप (सौर मेला) का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सारण के सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी, अमनौर के विधायक श्री कृष्ण कुमार मंटू, सोनपुर के विधायक श्री विनय कुमार सिंह, छपरा सदर की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी, जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लाभान्वित होकर शून्य (Zero) बिजली बिल प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए.

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों से संवाद कर योजना के लाभ एवं उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की गई. सौर मेले में बड़ी संख्या में आमजन, विभिन्न अधिकृत सोलर वेंडर एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भाग लिया .कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना, आवेदन प्रक्रिया, बैंक ऋण सुविधा एवं सरकारी अनुदान (सब्सिडी) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है.

योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र पर ₹30,000, 2 किलोवाट तक कुल ₹60,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता तक अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है. इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है. कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आम नागरिकों से इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाने की अपील की तथा अधिकाधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया. सौर मेले में विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि, सोलर वेंडर एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.

![]()

