
CHHAPRA DESK – सारण पुलिस ने भगवानबाजार थानान्तर्गत सौतेले पुत्र की हत्या के लिए पिता ने ही दो अपराध कर्मियों को सुपारी दी थी. हत्या भी हो जाती लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में दोनों अपराध कर्मियों को बस स्टैंड के समीप से गिरफ्तार कर लिया. जिसके बाद मामला खुला कि उन लोगों को सुपारी देने वाला कोई और नहीं जिसकी हत्या करनी थी उसके पिता ही हैं. जिसका पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सुपारी देने वाले पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना की जानकारी देते हुए सारण एसपी डॉक्टर कुमार आशीष ने बताया कि हत्या के प्रयास में संलिप्त पिता सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक देसी कट्टा बरामद किया गया है.

उन्होंने बताया कि भगवानबाजार थाना को गुप्त सूचना मिली कि बस स्टैंड में कुछ अपराधकर्मी द्वारा एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बनायी जा रही है. उक्त सूचना के सत्यापनोपरांत त्वरित कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड पहुंच कर छापामारी किया गया तो छापामारी के क्रम में भेल्दी थाना क्षेत्र के बासडीह चैनपुर गांव निवासी मुन्ना कुमार शर्मा एवं अमनौर थाना क्षेत्र के मूरा गांव निवासी अखिलेश शर्मा को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया. पूछ-ताछ के क्रम में पकड़ाये हुए व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि भगवानबाजार थाना क्षेत्र के मासूम गंज मोहल्ला निवासी नागेश्वर साह, पिता स्व० नारायण साह ने अपने सौतेले पुत्र की हत्या करने हेतु सुपारी दी गयी थी.

गिरफ्तार उक्त अभियुक्तों के निशानदेही पर घटना को अंजाम देने के लिए लाये गये हथियार को बरामद किया गया तथा नागेश्वर साह को अपने सौतेले पुत्र की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में भगवानबाजार थाना कांड सं0- 42/25 दर्ज किया गया है. वहीं इस घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है. छापामारी टीम में भगवान बाजार थानाध्यक्ष पु०नि० सुभाष कुमार, पु०अ०नि० सुधीर कुमार, पु०अ०नि० शिवनाथ राम, स०अ०नि० चंद्र प्रकाश एवं भगवानबाजार थाना के अन्य कर्मी शामिल थे.

![]()

