
CHHAPRA DESK – सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में तिलक समारोह के दौरान बीते दिन चाकू घोंपकर हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार हत्यारोपी स्थानीय निवासी राकेश साह का पुत्र रोहित साह बताया गया है. जिसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बीरबल प्रसाद पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इस संबंध में तरैया थाना कांड संख्या-179/26 दर्ज कर जांच पड़ताल प्रारंभ की गई. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-2 (मशरक) द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया साथ ही एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल पर उपलब्ध भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यो का विधिवत परीक्षण किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-2 (मशरक) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा लगातार छापेमारी एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुख्य अभियुक्त रोहित साह को गिरफ्तार कर लिया.

विदित हो कि बीते दिन जिला के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी गांव में तिलक समारोह के दौरान उत्पन्न विवाद में दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरयुगपार गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र बीरबल प्रसाद की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी. घटना उस समय हुई जब तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए तिलक में आए लोग और कुछ ग्रामीण पास के एक मकान में चले गए. उसी दौरान गांव के युवक रोहित और बीरबल प्रसाद के बीच बारिश में भीगने को लेकर कहासुनी हो गई. बताया जाता है कि रोहित ने भीग जाने की बात कही, जिस पर बीरबल ने कहा कि सभी लोग बारिश में भीगे हैं. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रोहित ने चाकू से बीरबल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के भाई शंकर दास भी हमले में जख्मी हो गए. उनका उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में चल रहा है. वहीं गंभीर रूप से घायल बीरबल को पहले रेफरल अस्पताल तरैया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया था. जहां उपचार के दौरान मौत हुई थी.

![]()

