CHHAPRA DESK – सारण डीएम के आदेश पर जिला प्रशासन ने लाल बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सदर एसडीओ के नेतृत्व में चार डीएसपी, डीटीओ, जिला खनन पदाधिकारी, एमवीआई समेत सारण जिले के 10 थानों की पुलिस व सैकड़ों जवानों के साथ एकाएक जिला प्रशासन ने डोरीगंज में बालू माफियाओं पर धावा बोल दिया. जिससे बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया. जिला प्रशासन ने कार्रवाई कर बलवन टोला व अन्य घाट पर करीब चार लाख 20 हजार सीएफटी बालू जब्त किया है.

जिसकी सरकारी दर पर कीमत एक करोड़ 72 लाख रुपए बताई गई है. वहीं जिला प्रशासन ने डोरीगंज घाट से ही दो ट्रक 5 ट्रैक्टर व एक हाइड्रा भी जब्त कर डोरीगंज थाने में लगवा दिया है. प्रशासन की छापेमारी के दौरान अवैध बालू में संलिप्त 11 लोगों को भी गिरफ्तार कर डोरीगंज थाने की पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है. इस मामले में खनन पदाधिकारी ने डोरीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

खान निरीक्षक पर हमला के बाद जिला प्रशासन द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई
मंगलवार की देर रात दिघवारा चेक पोस्ट के समीप खनन विभाग के अधिकारी की स्कॉर्पियो गाड़ी पर ओवरलोड बालू ट्रक चालक ने हत्या करने की नियत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था. जिसमें उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी. जिसको लेकर गुरुवार की सुबह डीएम के आदेश पर डोरीगंज में अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई.

![]()

