
CHHAPRA DESK – छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचले युवक ने उसे पीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जिसे छपरा सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान आज उसकी मौत हुई है. वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में कराए जाने के बाद परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया है. बताया जाता है कि छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपित ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जख्मी किशोरी को पहले छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. पीएमसीएच में इलाज के दौरान आज सुबह करीब तीन बजे किशोरी की मौत हो गई.

घटना को लेकर पीड़िता की बहन ने 14 जनवरी को मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आवेदन में बताया गया कि उसकी बहन 13 जनवरी शाम करीब छह बजे घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति के भगीना तथा मांझी थाना क्षेत्र के एक नाबालिग युवक ने कथित रूप से गलत नीयत से उसका हाथ पकड़कर खींचना शुरू कर दिया.पीड़िता द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपित ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया. हमले में किशोरी मौके पर ही गिर पड़ी और खून से लथपथ हो गई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी.ग्रामीणों की मदद से घायल किशोरी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीएमसीएच रेफर किया गया. पुलिस ने प्राथमिकी के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. किशोरी के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अपनी मां के साथ गांव में रहती थी.

![]()

