CHHAPRA DESK –
छपरा शहर के गुदरी बाजार में आज अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. नगरनिगम के पदाधिकारी जैसे ही बुलडोजर लेकर बाजार पहुंचे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. सड़क पर लगाए गए ठेले-खोमचेवाले सामान समेटकर भागने लगे. नगर निगम के पदाधिकारियों ने दुकानदारों और सड़क पर दुकान सजाने वालों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इसके बाद नगर निगम उनके ऊपर जुर्माना चार्ज करेगा. उस दौरान गुदरी मेन रोड से लेकर गुदरी बाजार चौक तक अतिक्रमण हटाया गया. उस दौरान जहां स्थाई दुकानदारों में खुशी देखी गई वहीं फुटपाथी दुकानदारों की बेचैनी बढ़ी रही.

अतिक्रमण हटाने के लिए नहीं पहुंचा पुलिस बल
आज का दिन गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाने का दिन था. नगर निगम के कर्मी बुलडोजर लेकर 10:00 बजे ही गुदरी बाजार पहुंच गए. लेकिन पुलिस बल की उपलब्धता नहीं हो पाने के कारण करीब 2 घंटे तक बुलडोजर वैसे ही खड़ा रहा. जिसके बाद नगर निगम के पदाधिकारी तो पहुंचे लेकिन भगवान बाजार थाना के द्वारा वहां पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया गया. जिससे अतिक्रमण हटाने में काफी परेशानी हुई और सड़क के अतिक्रमण को हटाकर नगर निगम कर्मी निकल गये.

नगर निगम के पदाधिकारी ने कहा सड़क पर अतिक्रमण होता है तो बाजार का टेंडर कैंसिल किया जाएगा
सड़क पर सजे दुकान को हटाने के दौरान बाजार के ठेकेदार भी वहां पहुंचे और बताया कि उन लोगों ने बाजार का ठेका लिया है तो दुकान कहां लगवाएंगे. जिसपर नगर निगम के सिटी मैनेजर अरविंद कुमार एवं वेद बर्नवाल ने कहा कि ठेकेदारी बाजार का हुआ है सड़क का नहीं, अगर सड़क पर अतिक्रमण कर बाजार लगवाया जाता है तो उनके द्वारा बाजार का टेंडर भी कैंसिल कर दिया जाएगा और कार्रवाई भी होगी.

![]()

