
CHHAPRA DESK – सारण जिला के गड़खा थाना क्षेत्र में शौच के लिए जा रही एक महिला के साथ चार लोगों द्वारा मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है. मारपीट में घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. पीड़िता की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र निवासी सविता देवी (काल्पनिक नाम) के रूप में हुई है. इस संबंध में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने बताया कि आज संध्या वह शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी. उसी दौरान गांव के ही चार लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि चारों ने मिलकर उसका मुंह दबाकर जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया. वही महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की.

किसी तरह मौका पाकर वह उनके चंगुल से निकलकर वहां से भाग गई और घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी. वहीं सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. जिसके बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया. बताया जा रहा है कि पीड़िता के परिजन मामले को लेकर थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया में जुटे हुए थे. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. इधर इस मामले में पूछे जाने पर गरखा थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि उन्हें अब तक घटना के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

![]()

