थाना परिसर में बवाल : थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन घायल

थाना परिसर में बवाल : थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन घायल

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के मशरक थाना परिसर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अवांछनीय तत्वों ने थाना पहुंचकर हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस घटना में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक में कराया गया. घायलों में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान, सिपाही स्मृति प्रियंका, प्रीति कुमारी सिंह, चौकीदार रामराज कुमार तथा सुरेश राय शामिल हैं. जानकारी के अनुसार चांद बरवा गांव में सड़क पर बनाए गए ब्रेकर को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि उक्त ब्रेकर के कारण कई लोग पहले भी घायल हो चुके थे.

Add

इसी विवाद की सूचना मिलने पर इमरजेंसी 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंची 112 टीम से उनकी कहासुनी हो गई और पुलिस वाहन को घेरकर लोगों ने विरोध जताया. बाद में कुछ लोग शिकायत लेकर मशरक थाना पहुंचे, जहां थानाध्यक्ष से उनकी कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया. थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान ने बताया कि आक्रोशित लोगों ने थाना पहुंचकर अचानक हमला कर दिया. बीच-बचाव के दौरान पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सीएचसी मशरक में कराया गया है.

वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का आरोप है कि वे शिकायत करने थाना पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और बाद में बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान ने बताया कि दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है.

 

Loading

77
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़