
CHHAPRA DESK – बिहार में शराबबंदी के बावजूद ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में आरपीएफ की क्राइम ब्रांच टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस से तस्करी कर लाई जा रही प्रतिबंधित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. मिली जानकारी के अनुसार l निरीक्षक चंदन कुमार सिंह (CIB/SEE) के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक अमरेश कुमार, रवि प्रकाश और रविकेश कुमार की टीम सोनपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतिबंधित सामानों की तस्करी के खिलाफ निगरानी कर रही थी. इसी दौरान गाड़ी संख्या 15050 डाउन पूर्वांचल एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंचने के बाद एक युवक मैरून रंग का पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध स्थिति में उतरता दिखा.

आरपीएफ टीम ने उसे ओएचई पोल संख्या SEE/1018 के पास रोककर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान युवक घबराने लगा और बैग में रखे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. शक गहराने पर जब बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से प्रतिबंधित अंग्रेजी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार युवक ने अपना नाम पंकज कुमार (20 वर्ष), पिता शिवजी सिंह, निवासी चौसिया वार्ड संख्या 1, थाना सोनपुर, जिला सारण बताया. उसके बैग से कुल 62 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 39 बोतल After Dark Blue Rare Grain Whisky (180 एमएल) तथा 23 बोतल Blenders Pride Exclusive Premium Whisky (180 एमएल) शामिल है। सभी बोतलों पर “For Sale in Uttar Pradesh Only” अंकित पाया गया.

आरपीएफ के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 11.160 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई जा रही है. कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद शराब को आवश्यक कागजात के साथ जीआरपी सोनपुर के हवाले कर दिया. इस संबंध में जीआरपी सोनपुर थाना मे मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों के जरिए हो रही शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन सतर्क के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा.

![]()

