
CHHAPRA DESK – जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के विश्वविद्यालय रसायन विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (PM-USHA) के सहयोग से 19–20 मार्च 2026 को “Frontiers in Chemical Sciences: Applications in Energy, Environment and Health (FCS-2026)” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित होगा. प्रेस वार्ता के दौरान विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन के संयोजक प्रो(डॉ) मनोज कुमार ने सम्मेलन के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए इसके शैक्षणिक एवं शोध संबंधी महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन ऊर्जा, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नवीन शोध को बढ़ावा देगा. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय परिवार इस सम्मेलन की तैयारी कुलपति के मार्गदर्शन में पूर्ण समर्पण एवं लगन के साथ कर रहा है.

इस अवसर पर आर एंड डी सेल के निदेशक प्रो रवींद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक exposure प्राप्त होगा, जिससे उन्हें अपने कैरियर को बेहतर दिशा देने में सहायता मिलेगी. प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन सचिव डॉ शची मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन के लिए 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है. सम्मेलन में कुल 14 key-note एवं Planery लेक्चर, 38 आमंत्रित व्याख्यान, 54 मौखिक प्रस्तुतियां तथा 27 पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी. सम्मेलन का उद्देश्य रासायनिक विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य से जुड़े अनुप्रयोगों पर वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के बीच विचार-विमर्श और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है.

सम्मेलन के प्रमुख विषयों में ऊर्जा भंडारण प्रणाली, नैनो सामग्री एवं नैनो प्रौद्योगिकी, औषधीय एवं फार्मास्युटिकल रसायन, सतत एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री, जल शुद्धिकरण तकनीक, उन्नत कार्यात्मक सामग्री तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलु शामिल हैं. यह सम्मेलन जय प्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो(डॉ) प्रमेन्द्र कुमार बाजपेयी के संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है. विज्ञान संकाय के डीन प्रो के पी श्रीवास्तव इस सम्मेलन के संरक्षक हैं तथा प्रो नारायण दास, कुलसचिव, जय प्रकाश विश्वविद्यालय सह-संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं. सम्मेलन के संयोजक प्रो (डॉ) मनोज कुमार, अध्यक्ष, विश्वविद्यालय रसायन विभाग हैं.
डॉ अभिषेक दुबे सह-संयोजक तथा डॉ शची मिश्रा आयोजन सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं.

इस सम्मेलन में IIT Bombay, IIT Indore, IIT Patna, IISc Bangalore सहित देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों की सहभागिता होगी. यह सम्मेलन विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और वैज्ञानिक सहयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों से संवाद का अवसर प्रदान करेगा. आयोजकों को विश्वास है कि यह आयोजन ऊर्जा, पर्यावरण और स्वास्थ्य से संबंधित समकालीन चुनौतियों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा.

![]()

