
CHHAPRA / SUPAUL DESK – आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपौल में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इसी क्रम में सारण जिले के मढ़ौरा अनुमंडल अंतर्गत गौरा थाना क्षेत्र के जवईनियां गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर भी टीम ने करीब सवा दो घंटे तक गहन जांच की. छापेमारी का नेतृत्व ईओयू पटना के डीएसपी सुनील कुमार कर रहे थे. उनके साथ मढ़ौरा थाना और गौरा थाना की पुलिस भी मौजूद रही. जानकारी के अनुसार, टीम कोर्ट से सर्च वारंट लेकर गांव पहुंची थी, लेकिन पैतृक घर बंद मिला और परिवार का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था. बताया गया कि यह आवास अमरेंद्र कुमार के स्वर्गीय पिता रघुनाथ राम का है. गांव में उनके चाचा रहते हैं, जबकि अमरेंद्र कुमार का यहां आना-जाना काफी कम बताया जा रहा है.

डीएसपी ने बताया कि अमरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है, जिसके तहत कुल पांच ठिकानों सुपौल, पटना और सारण पर एक साथ छापेमारी की गई. जवईनियां स्थित घर से कोई विशेष बरामदगी नहीं हुई है. हालांकि अन्य स्थानों पर की गई कार्रवाई में जमीन-जायदाद से जुड़े अहम दस्तावेज और नकदी मिलने की बात सामने आई है. बरामद कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है. छापेमारी की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया. अधिकारी फिलहाल जांच जारी रहने की बात कह रहे हैं और आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

![]()

