CHHAPRA DESK – छपरा शहर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े अपराधियों ने सोनार पट्टी स्थित एक आभूषण दुकान में घुस 60 ग्राम स्वर्णाभूषण लेकर भाग निकले. घटना शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत सोनार पट्टी मोहल्ले की है. जहां एक बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और एक अपराधी ईश्वर दयाल शर्राफ दुकान में प्रवेश कर गया, जो कि कैप लगाए हुए था, ताकि उसका पूरा चेहरा सीसीटीवी में नहीं आ सके. उस समय दुकान पर ईश्वर दयाल शर्राफ के पुत्र बच्चा शर्राफ मौजूद थे और एक अन्य ग्राहक भी मौजूद था. दुकान में घुसते के साथ ही अपराधी ने सोने का लॉकेट दिखाने को कहा. वहीं एक लॉकेट पसंद करने के बाद उसके द्वारा मंगलसूत्र की लड़ी दिखाने को कहा गया. जिसके बाद दुकानदार ने उसे 20-25 लॉकेट वह मंगलसूत्र की लड़ी दिखाए. उस दौरान ग्राहक बनकर अपराधी ने दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करते हुए कहा कि उनके यहां 16000 रुपए जमा है. लेकिन, उसके द्वारा बताए गए महिला के नाम से खाते में कोई रुपए जमा नहीं था. तब उसे अपराधी ने नोटों की गड्डी निकाली और ₹1000 देते हुए बोला कि और डिजाइन दिखाएं.

उस दौरान पहले से मौजूद परिचित ग्राहक के द्वारा हस्तक्षेप किए जाने पर अपराधी ने उससे गुर्रा कर देखते हुए बाहर जाने के लिए कहा. जब दुकानदार दूसरे आभूषण दिखा रहा था उसी दौरान उसे अपराधी ने उनके स्वर्ण आभूषण डब्बे में हाथ डालकर मंगलसूत्र की लड़ी का एक पैकेट निकाल लिया और दोड़कर दुकान से बाहर निकाला. दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता तब तक पहले से मौजूद ग्राहक के द्वारा बताया गया कि उसके द्वारा डिब्बे से आभूषण निकाला गया है और जब तक दोनों शोर मचाते बाहर निकलते, तब तक वह दुकान से कुछ कदम दूर स्टार्ट खड़ी बाइक पर बैठ अपराधी फरार हो गये. जब तक बाजार के सभी दुकानदार समझते तब तक सब्जी मंडी होते हुए बाइक सवार दोनों अपराधी फरार हो गये. सूचना के बाद 112 डायल पुलिस व भगवान बाजार थाना अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी खंगालने में जुटे हुए हैं. वैसे यह पूरी घटना सीसीटीवी कमरे में कैद हुई है. जिसके आधार पर अपराधी और उनके बाइक की पहचान की जा रही है. इस मामले में पीड़ित दुकानदार के द्वारा भगवान बाजार थाना को दिए गए फर्द बयान में 60 ग्राम सोने के आभूषण लेकर भागने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

![]()

