
CHHAPRA DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को गति देते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय ने बिहार को एक और महत्वपूर्ण रेल सौगात दी है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर आयोजित भव्य समारोह में छपरा-नई दिल्ली एवं मऊ-नई दिल्ली रेल सेवा के साथ दोहरीघाट-औड़िहार रेलखंड के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद राजीव प्रताप रूड़ी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल तथा अनेक जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया. अपने संबोधन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सारण की यह धरती देश की लोकतांत्रिक चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत की प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण जैसे महान क्रांतिकारी ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया और उनकी कर्मभूमि को नमन करना उनके लिए गर्व की बात है. रेल मंत्री ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए आज नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया है. उन्होंने बताया कि छपरा से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने का जो वादा किया गया था, उसे निर्धारित समय सीमा से भी पहले पूरा किया गया है. इसके पहले भी बिहार को कई नई रेल परियोजनाओं और ट्रेन सेवाओं की सौगात दी गई है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हुई है.

अश्विनी वैष्णव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है. पिछले एक दशक में रेलवे के आधुनिकीकरण, नई लाइनों के निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में बिहार के रेल बजट में लगभग पांच गुना वृद्धि की गई है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में अनेक नई परियोजनाएं तेजी से पूरी हो रही हैं. रेल मंत्री ने डबल इंजन सरकार की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना, सड़क, शिक्षा और रेल विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है.

उन्होंने सांसद राजीव प्रताप रूड़ी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सारण की समस्याओं और आवश्यकताओं को हमेशा प्रभावी ढंग से संसद और रेल मंत्रालय के समक्ष रखा है. वहीं महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को जनता की आवाज को मजबूती से उठाने वाला जनप्रतिनिधि बताते हुए उनके प्रयासों की भी प्रशंसा की. समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की आधारशिला होती है और नई ट्रेन सेवाओं से सारण सहित आसपास के जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. व्यापार, रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण बिहार में रेलवे का व्यापक विस्तार हुआ है. अमृत भारत और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की सुविधा राज्य को मिली है और आने वाले वर्षों में रेलवे के क्षेत्र में और भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. उन्होंने कहा कि बिहार को देश की विकास यात्रा में अग्रणी राज्य बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने नई ट्रेन सेवाओं के शुभारंभ का जोरदार स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया. समारोह में सांसद राजीव प्रताप रूड़ी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जनप्रतिनिधि छोटी कुमारी, जनक सिंह, विनय कुमार सिंह, मनोरंजन सिंह, धूमल सिंह सहित एनडीए गठबंधन के अनेक नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा सारण प्रमंडल के आयुक्त, सारण रेंज के डीआईजी, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, रेलवे के महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक समारोह में शामिल हुए.

रेल प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का अंगवस्त्र व गुलदस्ता देकर स्वागत किया. वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी रेल मंत्री और मुख्यमंत्री को सम्मानित किया. नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के साथ सारण और आसपास के क्षेत्रों की राजधानी दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन तथा एनडीए सरकार के आधारभूत संरचना विकास अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

![]()

