CHHAPRA DESK – सारण जिला के इसुआपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े आर्म्स के बल पर पैक्स प्रबंधक से पांच लाख सात हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया है. वहीं विरोध करने पर चाकू घोंप गंभीर भी कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार केरवां पैक्स के पैक्स प्रबंधक छोटेलाल साह अपने घर से अटौरी रामपुल स्थित चावल मिल के लिए रुपये लेकर जा रहे थे. उसी दौरान इसुआपुर थाना क्षेत्र के बजरंगिया देवी स्थान के पास पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने कट्टा दिखाकर उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर पैसे से भरा बैग लूट लिया. बताया जा रहा है कि बैग में पांच लाख साठ हजार रुपये मौजूद थे.

घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए इसुआपुर रेफरल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है. इधर, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दिनदहाड़े इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

![]()

