
PATNA DESK – बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों ने आतंक मचा दिया है. जक्कनपुर थाना क्षेत्र के सिपारा पुल के पास बाईपास पर दिनदहाड़े बाइक सवार एक युवक पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जख्मी युवक खगौल निवासी अमित कुमार बताया गया है. जो कि मेडिकल स्टाफ बताया गया है. हालांकि घायलावस्था में उसे स्थानीय लोगों ने नजदीकी निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है. वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. घटनास्थल से पुलिस ने 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. जख्मी युवक अमित कुमार खगोल का रहने वाला बताया जा रहा है और एक निजी नर्सिंग होम में काम करता है.

बताया जा रहा है कि आज दोपहर करीब 1 बजे जक्कनपुर थाना क्षेत्र के सिपारा पुल के पास बाइक सवार युवक जा रहा था. तभी अचानक दो-तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. कमर में गोली लगते ही अमित वहीं गिर पड़ा. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी नर्सिंग होम में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही जक्कनपुर और बेऊर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए.

पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने पिस्टल का इस्तेमाल किया है. फिलहाल हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. इस मामले में सदर एसडीपीओ अभिनव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में पुलिस जुटी है. वहीं कई जगहों पर नाकेबंदी भी की गई है. अपराधियों को जल्द पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

![]()

