किराना दुकान में धमाका : एक की मौत दूसरा घायल ; जांच में जुटी FSL

किराना दुकान में धमाका : एक की मौत दूसरा घायल ; जांच में जुटी FSL

CHHAPRA DESK –   सारण जिला अंतर्गत मकेर थाना क्षेत्र के नवकाढ़ा गंडक बांध ढाला स्थित एक किराना दुकान में जोरदार धमाका हुआ. घटना में दुकान के सामने बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक के पहचान की पुष्टि की जा रही है. वहीं घायलों में नवकाढ़ा निवासी सचिन राय और अखिलेश राय शामिल हैं. धमाका विनय सिंह की किराना दुकान में हुआ है. विस्फोट से दुकान का दरवाजा टूट गया और ऊपर लगी एस्बेस्टस चादर बिखर गई. ग्रामीणों के अनुसार आवाज काफी तेज थी और इलाके में दहशत फैल गई.

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे. जिसके बाद डीएसपी सविंदर कुमार दास और एसएसपी विनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. डीआईजी निलेश कुमार और डीएम वैभव श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहीं, एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. डीआईजी निलेश कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया दुकान के अंदर किसी विस्फोटक सामग्री से घटना होने की आशंका है. एफएसएल रिपोर्ट के बाद कारण स्पष्ट होगा. पुलिस विस्फोटक के स्रोत की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Loading

49
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़