
CHHAPRA DESK – छपरा-सिवान नेशनल हाईवे-531 स्थित एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमड़ाढ़ी गांव में पोखरा के समीप बाइक सवार अपराधियों ने जीविका दीदी के हाथ से 20 हजार का थैला झपट लिया और फरार हो गए. जब तक वह शोर मचाती तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे. पीड़ित जीविका दीदी एकमा थाना क्षेत्र के आमडाढ़ी गांव निवासी प्रेमचंद प्रसाद की पत्नी सीमा देवी बताई गई है जो कि आमडाढ़ी ग्राम पंचायत में जीविका दीदी के पद पर कार्यरत है. इस मामले में जीविका दीदी ने बताया कि वह 20 हजार नकद एवं यूको बैंक का पासबुक लेकर घर से पैदल ही एकमा बाजार आ रही थी.

उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर पीछे से आ रहे दो अपराधियों ने उनके हाथ से नकद रखा झोला छीनकर आमडाढ़ी गांव के गेट से छपरा-सिवान नेशनल हाईवे 531 पर पश्चिम की तरफ फरार हो गए. छिनतई की शिकार जीविका दीदी ने बताया कि वह रुपए लेकर एकमा बाजार स्थित आभूषण दुकान से जिउतिया लेने एवं बैंक में रुपए जमा करने के लिए जा रही थी. उसी बीच वह लूट का शिकार हो गई. उन्होंने बताया कि बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था.

जबकि पीछे बैठा युवक गमछे से मुंह को बांधे हुए था. छिनतई की घटना के बाद सूचना पाकर एकमा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू किया. वहीं जांच पड़ताल के क्रम में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. बताया गया है कि वारदात स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामले में आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही मामले में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

![]()

