चाकू से गोद-गोद कर एक नवविवाहिता समेत दो की हत्या, किशोरी रेफर ; एक शव की नहीं हुई शिनाख्त

चाकू से गोद-गोद कर एक नवविवाहिता समेत दो की हत्या, किशोरी रेफर ; एक शव की नहीं हुई शिनाख्त

CHHAPRA DESK – सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चाकू से गोद-गोद कर एक नवविवाहिता समेत दो की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पहली घटना जिले के रिविलगंज थाना अंतर्गत सिरसिया गांव की है. जहां, देर रात्रि घर का दरवाजा खुलवाकर उस महिला एवं उसके साथ सो रही उसकी भतीजी को चाकू से गोदा गया है. इस घटना के बाद महिला की मौत जहां मौके पर हो गई है, वही उसकी भतीजी को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर किया गया है. मृत महिला की पहचान छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत रौजा मोहल्ला निवासी हातिम की 19 वर्षीय पत्नी गुलशन खातून के रूप में की गई है,

जो कि अपने मायके रिविलगंज थाना अंतर्गत सिरसिया गांव में पिता बद्रे आलम के घर पर रह रही थी. वहीं गंभीर स्थिति में रेफर उसकी भतीजी रिविलगंज थाना क्षेत्र के टेकनिवास गांव निवासी शौकत अली की 13 वर्षीय पुत्री साहेब खातुन बताई गई है, जिसे छपरा सदर स्थल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना बीती देर रात्रि करीब 2:00 की बतलाई गई है. इस सूचना के बाद रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुटी हुई है. फिलहाल शव का पंचनामा कराये जाने की प्रक्रिया की जा रही है.

वहीं घटना के बाद घर वालों में कोहराम मच गया है. इस संबंध में मृत महिला के पिता बद्रे आलम ने बताया कि उनके द्वारा अपनी पुत्री की शादी शहर के नगर थाना अंतर्गत रौजा मोहल्ला निवासी हातिम के साथ करीब 6 माह पहले की थी. दो-तीन माह साथ रहने के बाद उनके बीच विवाद हुआ तो उनकी पुत्री मायके में आकर रह रही थी. इसी बीच रात्रि छत के रास्ते घर में घुसकर किसी के द्वारा उसका दरवाजा खटखटाया गया और दरवाजा खुलने के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है.

वहीं, दूसरी घटना सारण जिले का खैरा थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां थाना क्षेत्र स्थित चंवर से एक महिला शव बरामद किया गया है. महिला के शरीर पर जख्म के कई निशान है. जिससे कयास लगाया जा रहा है की चाकू से गोदकर उसकी हत्या की गई है. समाचार प्रेषण तक शव की शिनाख्त हो पाई है. मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है. वहीं सूचना के बाद खैरा थाना अध्यक्ष के द्वारा शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है. वही पंचनामा की प्रक्रिया जारी है.

Loading

87
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़