
CHHAPRA DESK – हाथों की मेहंदी के रंग फीके भी नहीं पड़े थे कि ससुराल वालों ने उसे दहेज की बलि चढ़ा दी. इस घटना की सूचना के बाद जहां मायके वालों में कोहराम मचा हुआ है, वही ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. घटना सारण जिले के नगरा थाना क्षेत्र से सामने आई है.
मृत नवविवाहिता सारण जिला के नगरा थाना अंतर्गत रामचौरा गांव निवास जितेंद्र कुमार यादव की 28 वर्षीय पत्नी सरिता कुमारी बताई गई है. जो कि रिविलगंज थाना अंतर्गत अउली गाछी निवासी कमल यादव की पुत्री थी. उसकी शादी बीते वर्ष 29 नवंबर को हुई थी.

इस घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले सरिता के ससुराल पहुंचे तो पाया कि सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं और वह मृत पड़ी हुई है. जिसके गले पर जख्म के निशान है. उनकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना के संबंध में विवाहिता के घर वालों ने बताया कि बीते वर्ष 29 नवंबर को उन लोगों के द्वारा दान-दहेज के साथ सरिता की शादी नगर थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र कुमार के यादव के साथ की थी. जो कि फौज में है और उनकी पोस्टिंग फिलहाल जम्मू में है. बीती रात उन्हें सूचना मिली कि सरिता की तबीयत ज्यादा खराब है. जब वे लोग उसके घर पहुंचे तो ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए. उन लोगों ने पाया कि सरिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई है. मायके वालों का आरोप है कि उसकी हत्या दहेज में कार व रुपए के लिए की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

चाचा फौज में कैप्टन तो दो बहने पुलिस विभाग में है कार्यरत
सरिता पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर पर थी. उसके पिता कमल यादव जहां खेती किसानी करते हैं. वहीं उसके चाचा फौज में कैप्टन बताये गये है. जबकि, सरिता की अविवाहित बड़ी व छोटी बहन बिहार पुलिस में कार्यरत है. जिनकी पोस्टिंग पटना में है. उसके दोनों भाई फिलहाल पढ़ाई करते हैं. इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.
![]()

