
CHHAPRA DESK – छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े छात्रा से अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया. छात्रा आज जगदम कॉलेज के समीप प्रैक्टिकल परीक्षा देकर घर लौट रही थी. उसी बीच दो अपराधियों ने चाकू की नोक पर उस छात्रा के गले से सोने का लॉकेट लूट लिया. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया. पीड़ित छात्रा की पहचान जिले के गौरा थाना क्षेत्र निवासी रामचंद्र राम की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है. वह जेपीएम महिला कॉलेज की छात्रा है और उसका बीए पार्ट वन का प्रैक्टिकल राजेंद्र कॉलेज में चल रहा था. परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी सहेलियों के साथ पैदल बस पकड़ने जा रही थी.

उसी दौरान दो युवक पास पहुंचे और चाकू दिखाकर उसके गले से लॉकेट छीनने का प्रयास करने लगे. छात्रा द्वारा विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके चेहरे के निचले हिस्से में हल्की खरोंच लग गई. घटना के बाद छात्रा की सहेलियों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. वही गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिल्पी सिनेमा सलेमपुर मोहल्ला निवासी राजनंदन उर्फ सूखा के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना व डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची. इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

![]()

