CHHAPRA DESK – सारण जिले में फर्जी नर्सिंग होम की बाढ़ सी आ गई है लेकिन इस पर अंकुश नहीं लग पाना कहीं ना कहीं जिला प्रशासन पर एक सवालिया निशान है! जांच तो होती है. टीम बनता है. लेकिन कार्रवाई के नाम पर आज तक शून्य ही रहा है. परिणाम नासमझ लोगों के परिवार के किसी सदस्य की मौत. कभी गलत ऑपरेशन से तो कभी गलत दवा के कारण. इस फर्जी नर्सिंग होम के कारण आज पुन: एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ गई है. कम पैसे के लालच में परिवार वालों ने उसे फर्जी नर्सिंग होम “सुगांती नर्सिंग एंड हॉस्पिटल” में भर्ती करा दिया. जहां उसके पेट के पथरी का ऑपरेशन किया गया लेकिन ऑपरेशन के बाद स्थिति बिगड़ गई और आननफानन में उसे पटना रेफर कर दिया गया. जहां उसकी मौत हो गई. जिसके बाद परिवार वाले रोते-पीटते सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृत महिला दाउदपुर थाना क्षेत्र के लगुनी के टोला निवासी बुद्धू यादव की 32 वर्षीय पत्नी मीना देवी बताई गई है. जिनका ऑपरेशन मांझी थाना अंतर्गत ताजपुर गांव स्थित सुगांती नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में पथरी का ऑपरेशन बीते दिन कराया गया था. सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया.

सुगांती नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में कथित बीएएमएस डॉक्टर के द्वारा किया गया ऑपरेशन
सदर स्थल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के पति बुधु यादव व उसके घर वालों ने बताया कि मीना के पेट में पथरी की शिकायत बताई गई थी. जिसको लेकर उन लोगों के द्वारा उसे ऑपरेशन के लिए गांव के समीप ताजपुर स्थित सुगांती नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां नर्सिंग होम संचालक सह बीएएमएस डॉक्टर अविनाश कुमार गोंड़ के द्वारा उसका ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद स्थिति बिगड़ने लगी जिसके बाद बीती शाम आनंन-फानन में उन लोगों के द्वारा एंबुलेंस से पटना भेज दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई. वहीं घटना के बाद नर्सिंग होम का बैनर पोस्टर सब कुछ उखाड़ कर वे लोग फरार हो गये. परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि गलत ऑपरेशन के कारण स्थिति बिगड़ने के बाद वे लोग उसे पटना भेज दिए थे. जिसके बाद नर्सिंग होम का बैनर पोस्टर व बोर्ड उखाड़कर वे लोग भाग गए हैं. इस मामले में मृतका के पति के द्वारा उक्त नर्सिंग होम एवं उसके संचालक सह कथित चिकित्सक पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अग्रेसर कार्रवाई में जुटी है.
![]()

