
SIWAN DESK – सिवान जिला के नौतन थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा अड्डों पर महिला पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 नाबालिग डांसर को मुक्त कराया है. छापेमारी के बाद सभी लड़कियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए सिवान ले जाया गया. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, सिवान महिला थाना की टीम ने महिला थाना प्रभारी, एनजीओ प्रतिनिधियों और मानवाधिकार विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में नौतन थाना क्षेत्र के बांका मोड़ और गंगा मोड़ स्थित कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान करीब 20 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया. वहीं कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकाने जांच के दायरे में हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों की जांच की गई.

अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेजों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ भी की. मामले में आगे की जांच जारी है. इस मामले में नौतन थाना प्रभारी जीत मोहन कुमार ने बताया कि सिवान महिला थाना की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की गई है. बरामद नाबालिग लड़कियों को महिला पुलिस अपने साथ सिवान ले गई है. मामले की विस्तृत जानकारी महिला थाना स्तर से जारी की जाएगी. पुलिस अब बरामद लड़कियों की उम्र, पहचान और उन्हें यहां लाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

![]()

