CHHAPRA DESK – सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र से दोस्ती को दागदार करने वाली एक घटना सामने है, जहां दोस्तों ने घर से बुलाकर एक युवक को चाकू से गोद डाला. जिसके बाद गंभीर स्थिति में उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से छपरा सदर अस्पताल और वहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. गंभीर रूप से जख्मी युवक जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के विष्णुपूरा गांव निवासी धर्मेंद्र तिवारी का 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार तिवारी बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह घर पर ही था,

तभी उसे दोस्तों का फोन आया और वह अपनी मां से तुरंत आने की बात कह कर निकल गया. कुछ देर बाद उसके घर पर फोन आया कि उसे चाकू लगा है. जिसके बाद उसकी मां और घर के लोग रोते-पीटते जलालपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहां से उसे छपरा सदर अस्पताल लाया गया. जहां छपरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उस युवक को पीएमसीएच रेफर किया गया है.

सदर अस्पताल में उपचार के दौरान जख्मी युवक ने बताया कि गांव के ही कुछ लड़कों के द्वारा उसे फोन कर बुलाया गया था और वह जब पहुंचा तो उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया गया. उस दौरान उसके गले पर और सीने पर भी चाकू से वार किया गया. जिससे वह गंभीर से जख्मी हुआ है.

![]()

