
CHHAPRA DESK – सारण जिला अंतर्गत मांझी नगर पंचायत के दुर्गापुर घाट पर आज नहाने के दौरान एक युवक सरयू नदी में डूब गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की खबर मिलते ही घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है. डूबे युवक की पहचान दुर्गापुर गांव निवासी प्रेम सिंह के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रौशन नदी में स्नान कर रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.

आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले वह पानी में डूबकर लापता हो गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. बताया जा रहा है कि रौशन कुमार के घर पर दो दिन बाद शादी का समारोह प्रस्तावित था, जिसे लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं. इस हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया. जिसके बाद शव की तलाश को लेकर गोताखोर जुटे हुए हैं. समाचार प्रेषण तक शव की तलाश जारी थी.

![]()

