
SIWAN DESK – सिवान के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सह पूर्व एमएलसी, मनोज कुमार सिंह के बहनोई चंदन कुमार सिंह एवं उनके भांजे हर्ष सिंह को अपराधियों ने गोली मार दिया है. दोनों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हर्ष की मौत हो गई जबकि उसके पिता चंदन सिंह को बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है. बताया जा रहा है कि मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. भाजपा के पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के बहनोई चंदन कुमार सिंह और उनका भांजा हर्ष सिंह दोनों तिलक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. उसी दौरान साइड देने और गाड़ी में स्क्रैच को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया. उस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी और पिता पुत्र दोनों को गोली लग गई.

इस फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां हर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चंदन कुमार सिंह की हालत नाजुक है और उन्हें पटना रेफर किया गया है. घटना के बाद सिवान जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. इस घटना के बाद परिवार वाले न्याय की मांग करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की धड़पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.

![]()

