
CHHAPRA DESK – सारण जिला के वूशु प्रशिक्षक वरुण कुमार ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने वूशु खेल में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ग्रेड ‘ए’ राष्ट्रीय जज एवं रेफरी का दर्जा प्राप्त किया है. यह उपलब्धि उन्हें 24 से 30 अप्रैल 2026 तक Parul University, वडोदरा में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के बाद मिली. यह प्रशिक्षण Wushu Association of India के तत्वावधान में आयोजित किया गया था, जिसमें देशभर से चयनित 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के दौरान वरुण कुमार ने तकनीकी ज्ञान, निर्णायक क्षमता और खेल नियमों की गहन समझ का प्रदर्शन करते हुए ग्रेड ‘ए’ श्रेणी हासिल की. यह वूशु खेल में उच्चतम जज एवं रेफरी स्तरों में से एक माना जाता है.

इस उपलब्धि के बाद अब वरुण कुमार राष्ट्रीय स्तर की वूशु प्रतियोगिताओं में जज एवं रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे. उनके अनुभव और निष्पक्ष निर्णय क्षमता से प्रतियोगिताओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता में बढ़ोतरी होगी. साथ ही, उनके इस नए अनुभव का सीधा लाभ स्थानीय खिलाड़ियों को भी मिलेगा. वरुण कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को वूशु की नई तकनीकों, नियमों और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों को सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे.

बताते चलें कि वरुण कुमार वर्तमान में मढ़ौरा स्थित ट्राइडेंट पब्लिक स्कूल में वूशु प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और क्षेत्र के युवाओं को इस खेल के प्रति प्रेरित कर रहे हैं. उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है. सारण जिला वूशु संघ के संरक्षक व मांझी विधायक रणधीर सिंह, अध्यक्ष राखी गुप्ता, बिहार वूशु संघ के सह सचिव एवं सारण जिला वूशु संघ के सचिव विनय पंडित तथा स्थानीय खेल प्रेमियों और शिक्षकों ने वरुण कुमार को इस सफलता के लिए बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वे आगे भी जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे.

![]()

