CHHAPRA DESK – सारण जिले में बालू की ढुलाई के बाद तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है. प्रतिदिन 4 से 5 लोगों की मौत सड़क हादसे में हो रही है. गड़खा थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत छपरा सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में हो गई. मृतक की पहचान जिले के अमनौर थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव निवासी अमर प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस प्रसाद के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि आज अल सुबह वह बाइक से किसी कार्य के लिए जा रहा था उसी बीच मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद दिया.

जिसके कारण उसकी मौत सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में हो गई. जिसके बाद सदर अस्पताल में मौजूद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. उस दौरान परिवार वालों ने बताया कि प्रिंस घर का इकलौता संतान था. उसकी मौत के बाद परिवार वालों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

वहीं दूसरी घटना में जिले के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गांव के समीप हुई, जहां अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जिले के कोपा थाना अंतर्गत कोपा गांव निवासी स्वर्गीय केदार ठाकुर के 29 वर्षीय पुत्र राजन कुमार ठाकुर के रूप में की गई. उसकी मृत्यु का समाचार मिलते ही परिवार वालों को कोहराम मच गया.वहीं कोपा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. वहीं तीसरी घटना भी गड़खा थाना क्षेत्र के मैकी गांव से सामने आई है, जहां अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बबीता देवी की मौत मौके पर हुई है.

![]()

