
SIWAN DESK – सिवान जिला पुलिस ने 2 लाख के इनामी मोस्ट वांटेड कुख्यात अपराधी को दबोचने में सफलता हासिल किया है. उसने एएसपी पर भी गोली चलाई थी. गिरफ्तार कुख्यात अपराधी सिवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी गोलू सिंह उर्फ अंशु सिंह बताया गया है. गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, दो गोली, 637 ग्राम चरस, 34 ग्राम स्मैक व दो मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. कुख्यात गोलू सिंह पर जिले में 21 कांड दर्ज है और उस पर दो लाख का इनाम भी घोषित है. इस मामले में शुक्रवार को सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने जीबी नगर थाना में प्रेसवार्ता की.

उस दौरान उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को बिहार-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से कुख्यात बदमाश गोलू सिंह उर्फ अंशु सिंह को एसटीएफ व डीआईयू, जीबी नगर थाना के पदाधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार गोलू सिंह द्वारा दिए गए स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर अवैध एक पिस्टल, दो जिंदा गोली, 637 ग्राम चरस, 34 ग्राम स्मैक एवं दो मोबाइल बरामद की गई. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार बदमाश गोलू सिंह के विरुद्ध कुल 21 कांड दर्ज है.

उस पर जीबी नगर, महाराजगंज सहित अन्य थाना में प्राथमिकी अंकित है. यहां बता दें कि तत्कालीन एएसपी कांतेश मिश्रा के नेतृत्व में तरवारा थाना की टीम बदमाशों की गिरफ्तार करने पहुंची थी. जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की थी. चर्चा थी कि छापेमारी टीम को लीड कर रहे एएसपी कांतेश मिश्रा पर भी गोलू सिंह ने फायरिंग की थी और मौके का फायदा उठाकर भाग निकला था.

गोलू के घर की हो चुकी है कुर्की जब्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलू सिंह पर महाराजगंज थाना में दर्ज एक कांड में 2022 में कुर्की जब्ती हुई थी. बावजूद इसके वह हाजिर नहीं हुआ था. उसपर जीबी नगर, महारागंज, गोरेयाकोठी, बक्सर, आरा सहित अन्य जिलों के थानों में कई मामले दर्ज हैं. गोलू क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर सुर्खियों में बने रहता है.

![]()

