अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक युवक समेत चार की मौत ; एक शव की नहीं हुई शिनाख्त

अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक युवक समेत चार की मौत ; एक शव की नहीं हुई शिनाख्त

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक किशोर समेत चार व्यक्ति की मौत हुई है. जिसमें एक शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है. जिले के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबाग स्थित तरैया-मशरक मुख्य सड़क पर सड़क दुर्घटना में एक ठेला चालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान तरैया गांव निवासी रामेश्वर महतो के 55 वर्षीय पुत्र हरेंद्र महतो के रूप में हुई है. वह ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद मृतक की पत्नी चंपा देवी का रो-रो कर हाल-बेहाल है. परिजनों ने बताया कि हरेंद्र महतो रामबाग से भाड़ा गिराकर ठेला लेकर वापस लौट रहा था. उसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.:घटना की सूचना मिलते ही मौके पर परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुत्र रोशन महतो, सुन्दर महतो और रोहित महतो समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.

Add

जबकि, दूसरी घटना भी तरैया थाना क्षेत्र से सामने आई है जहां थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में स्कॉर्पियो के धक्के से घायल व्यक्ति की उपचार के क्रम में मौत हो गई है. मृतक मंझोपुर गांव निवासी पुलिस नट का 45 वर्षीय पुत्र संजीत नट बताया गया है. इस सम्बंध में परिजनो ने बताया कि 25 फरवरी को एसएच 104 मुख्य सड़क के किनारे शौच कर रहे थे, तभी तेजगति स्कॉर्पियो गाड़ी आकर धक्का मारकर निकल गई. घायल का रेफरल अस्पताल तरैया में प्राथमिक उपचार कर छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया था. छपरा सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है. मृतक के पुत्री की शादी आगामी जून माह में तय है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है.

वहीं तीसरी घटना में इसुआपुर थाना क्षेत्र के पिपरहियां बाजार के समीप देर संध्या हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है. वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मृत युवक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के बंगाली भिठ्ठी गांव निवासी अनिल प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र अनुप कुमार के रूप में हुई है. वहीं मृतक के बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए हैं. एक अन्य घायल व्यक्ति ठेला चलाने वाला बताया जा रहा है. घायलों का इलाज सीएचसी इसुआपुर में चल रहा है. इसुआपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है. घटना किसी अज्ञात वाहन के ठोकर से होना बताई जा रही है. वही इस मामले में पंचनामा की प्रक्रिया की जा रही है.


जबकि चौथी घटना जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एनएच-19 बाईपास पर आज रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई है. सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया है, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार घटना रिमझिम होटल के सामने एनएच-19 बाईपास पर हुई है. बताया जाता है कि छपरा से हाजीपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने 70 वर्षीय वृद्ध को सड़क पार करते समय कुचल दिया है. जिससे वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही सोनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों में से कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका. जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. इस संबंध में सोनपुर की अपर थानाध्यक्ष नीलिमा कुमारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पहचान के लिए पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Loading

69
Accident E-paper ब्रेकिंग न्यूज़