जनगणना : स्वगणना प्रक्रिया समाप्त, 02 मई से जनगणना कर्मी करेंगे घर-घर सर्वे ; 73 हजार 564 परिवारों ने स्वगणना में लिया है भाग

जनगणना : स्वगणना प्रक्रिया समाप्त, 02 मई से जनगणना कर्मी करेंगे घर-घर सर्वे ; 73 हजार 564 परिवारों ने स्वगणना में लिया है भाग

CHHAPRA DESK –  भारत की जनगणना 2027 के तहत विगत 17 अप्रैल से चल रही सेल्फ एनुमरेशन की प्रक्रिया एक मई की रात 12 बजे समाप्त हो जाएगी. अब तक सारण में कुल 73 हजार 564 परिवारों ने स्वगणना में भाग लिया है. शनिवार से प्रगणक व पर्यवेक्षक मकान सूचीकरण और आवास गणना का सर्वे शुरू करेंगे. वे घर-घर जाकर विस्तृत आंकड़े एकत्र करेंगे. जिन्होंने स्वगणना किया है, उनसे केवल आईडी लेंगे. जबकि जिनका स्वगणना नहीं हुआ है, उनसे कुल 33 प्रश्न पूछ कर डेटा संकलित करेंगे. इस कार्य को एक माह यानी 31 मई तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके लिए 7467 प्रगणक और 1269 पर्यवेक्षक फिल्ड में उतरेंगे. जबकि 1034 प्रगणक व पर्यवेक्षक रिजर्व में रखे गए हैं.

Add

जिलाधिकारी की अपील

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने जन गणना का महत्व बताते हुए इसमें लोगों से सहयोग की अपील की है. जनगणना एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है. जिसके माध्यम से सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्र की जाती है. इन आंकड़ों के आधार पर सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और अन्य योजनाओं का निर्माण करती हैं. उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी दें. ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक हो सकें. उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का विषय है और इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही देश और राज्य के विकास के लिए नीतियां और योजनाएं तैयार की जाती हैं. उन्होंने बताया कि प्रगणकों के घर-घर भ्रमण के दौरान स्वगणना विवरण की पुष्टि और अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए स्वगणना पहचान संख्या बताना आवश्यक होगा. इस पूरी प्रक्रिया में एकत्र जानकारी को पूर्णतः सुरक्षित और गोपनीय रखा जाएगा.

डिजिटल तकनीक का उपयोग

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निदेश दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत जनगणना 2027 में डाटा संग्रहण के लिए मोबाइल एप और डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा. जिससे प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और समयबद्ध हो सके.

Loading

E-paper ब्रेकिंग न्यूज़