GAYA DESK - राज्यव्यापी बिहार बंद के आह्वान का असर शनिवार को गया शहर और जिले के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिला. बंद को लेकर सुबह से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में रहा. प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई.  भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सौरभ राज के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र और संगठन के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से जिला समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला है. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने देशभर में आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कथित बर्बर कार्रवाई का विरोध करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की. कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए हैं और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखता रहा है. बंद का आंशिक असर शहर के कुछ बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी देखने को मिला. हालांकि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. छात्र संगठन आइसा और आरवाईए ने छात्र आंदोलन तथा हालिया घटनाओं के विरोध में राज्यव्यापी बिहार बंद का आह्वान किया था, जिसका असर गया सहित बिहार के कई जिलों में देखने को मिला.