CHHAPRA DESK - पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित BSF कैंप में एक जवान द्वारा अचानक की गई फायरिंग से सारण जिले के एक जवान सहित दो फौजियों की मौत हुई है. इस घटना की सूचना जैसे ही सारण में पहुंची शोक की लहर दौड़ गई. मृत एक जवान की पहचान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत गुदरी बाजार छावनी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय मदन सिंह के 51 वर्षीय पुत्र अजय कुमार सिंह के रूप में की गई है, जो कि बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर पश्चिम बंगाल के मालदा में कार्यरत थे. हालांकि 2 दिन पूर्व उनका प्रमोशन इंस्पेक्टर के पद पर हो गया था और वह छुट्टी में घर वाले आने वाले थे. लेकिन, किसी को क्या पता था कि अब वह ताबूत में बंद होकर तिरंगे में लिपटकर ही घर आएंगे. इस घटना की सूचना के बाद जिले में शोक की लहर है. वहीं उनके गुदरी बाजार स्थित आवास पर संवेदना प्रकट करने वालों की लाईन लगी है. हालांकि इस घटना के बाद पत्नी की स्थिति काफी नाजुक है जिसके कारण उन्हें दवा खिलाकर सुलाया गया है और वह फिलहाल किसी से मिल नहीं रही है.
क्या है घटना ?
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के मालदा बीएसएफ कैंप में अनुशासनात्मक कार्रवाई से नाराज एक जवान ने अपनी ही यूनिट के साथियों पर सर्विस राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस घटना में दो जवानों की मौत हुई है, जबकि एक जवान की स्थिति गंभीर है. मृत एक जवान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत गुदरी बाजार छावनी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय मदन सिंह के 50 वर्षीय पुत्र अजय कुमार सिंह बताये गये हैं. जिनका पैतृक आवास जिले के मांझी थाना क्षेत्र में है. हालांकि इस घटना के बाद बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है. जिसकी पहचान शिवम कुमार मिश्रा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उस जवान को किसी अनुशासनात्मक मामले में क्वार्टर गार्ड की सजा दी गई थी. इसी कार्रवाई से वह नाराज चल रहा था. जिसको लेकर उसके द्वारा आपा खोये जाने के बाद फायरिंग की घटना की गई.
चार भाइयों में सबसे बड़े अजय पत्नी और अविवाहित बेटी के साथ भरा पूरा परिवार छोड़ गए
अजय सिंह चार भाइयों में सबसे बड़े थे. वह अपने पीछे पत्नी विंदु देवी एवं 22 वर्षीय अविवाहित पुत्री अंजली सिंह के साथ भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं. पत्नी जहां होम मेकर है वही पुत्री बायोटेक की पढ़ाई कर रही है. उनके छोटे भाइयों में अभय कुमार सिंह ITBP में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. वहीं उनसे छोटे भाई अमर कुमार सिंह मुजफ्फरपुर पश्चिमी क्षेत्र के अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी हैं. वहीं उनसे छोटे चौथे भाई अमन कुमार सिंह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं.
पूरा खानदान सेना में है कार्यरत
जवान अजय कुमार सिंह के पिता स्वर्गीय मदन सिंह, उनके दादा स्वर्गीय रामानंद सिंह एवं चाचा भृगुनाथ सिंह भी सेना से रिटायर्ड है. जबकि उनके ससुराल के भी अनेक लोग सेना में ही नौकरी करते हैं. फिलहाल उनके दो छोटे भाई भी सेना में कार्यरत हैं. बताया जा बताया जा रहा है कि उनका पूरा परिवार सेना के प्रति समर्पित रहा है और तीसरी पुश्त भी सेना में सेवा दे रही है. परिवार से बातचीत के बाद यह ज्ञात हुआ कि अजय सिंह का पार्थिव शरीर कल यानि 25 जुलाई को छपरा लाया जाएगा. जिसके लिए उनके परिवार के अन्य सदस्य मालदा निकल चुके हैं.


