CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज छपरा-मांझी-दरौली-गुठनी रोड का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति एवं निर्माण कार्य से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया, उल्लेखनीय है कि छपरा-मांझी-दरौली-गुठनी रोड परियोजना की कुल लंबाई 72.183 किलोमीटर है, जिसमें सारण जिले के अंतर्गत लगभग 17 किलोमीटर का हिस्सा आता है. जिला पदाधिकारी ने सारण जिले में पड़ने वाले इस हिस्से में सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने को लेकर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BSRDC) के अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिया. जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करते हुए सारण जिले में पड़ने वाले 17 किलोमीटर हिस्से का निर्माण कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ कराया जाए. उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए, ताकि परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण हो तथा आम लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा शीघ्र उपलब्ध हो सके.