CHHAPRA DESK,- सारण समाहर्ता वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज राजस्व संबंधी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं भूमि मापी से संबंधित सभी मामलों का शत-प्रतिशत एवं ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. बैठक के दौरान समाहर्ता ने अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 25 जुलाई तक लक्षित 197 बासगीत पर्चों का वितरण तथा 15 अगस्त तक 1,157 बासगीत पर्चों की तैयारी हर हाल में पूर्ण करें, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य समय पर प्राप्त किए जा सकें.
दाखिल-खारिज मामलों में डिफेक्ट चेक की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए समाहर्ता ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राजस्व कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में बैठाकर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कराएं तथा दाखिल-खारिज के सभी मामलों को शीघ्र निर्णय तक पहुंचाएं. परिमार्जन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इनके निष्पादन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए. वहीं भूमि मापी के मामलों में समाहर्ता ने दैनिक प्रतिवेदनों का समेकन कर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार करने को कहा. उन्होंने अमीनों को तिथि निर्धारित कर कार्य आवंटित करने तथा जिला स्तर पर प्रभारी राजस्व पदाधिकारी को प्रखंडवार एवं अमीनवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में राजस्व महाअभियान सहित राजस्व प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यों में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई आवश्यक निर्देश जारी किए गए.


